भोपाल: भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब की हद जानने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। करीब दो सप्ताह पहले यह काम शुरू किया गया था। इसमें संत हिरदाराम नगर और शहर वृत्त के पटवारी मौके पर जाकर सर्वे कर रिपोर्ट बना रहे हैं, लेकिन, कुछ दिनों से यह काम रोक दिया गया था, क्योंकि निगम कर्मचारी श्री दुर्गा विसर्जन की ड्यूटी में चले गए थे। ऐसे में एक बार फिर आज दो दर्जन कर्मचारी लालघाटी के आसपास बड़े तालाब की जद को नापने के लिए काम कर रहे हैं।
इस टीम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर निगम प्रशासन के कर्मचारी, टीएंडसीपी और वन विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। सीमांकन में पता लगेगा कि बड़ा तालाब किनारे कितने मैरिज गार्डन, फैक्टरी, कॉलेज, स्कूल, फार्म हाउस या घर बने हैं? इनमें से कितने तालाब की जद में आ रहे हैं। इसमें किन-किन ने अनुमति लेकर अवैध काम किया है और किनसे बिना अनुमति निर्माण किया है। बैरागढ़ एसडीएम रविशंकर राय ने बताया कि सीमांकन का काम लगातार जारी है। उन्हें जल्द से जल्द सीमांकन करने के आदेश दिए गए हैं। लालघाटी से बैरागढ़ की तरफ और फिर बैरागढ़ क्षेत्र में भैंसाखेड़ी तक बड़े तालाब में टीम सीमांकन करने का काम कर रही है। प्रशासन की नपती से साफ होगा कि किसने बड़े तालाब के क्षेत्र में मैरिज गार्डन, कारखाने, स्कूल, कॉलेज, फॉर्म हाउस व घरों का निर्माण किया है। गौरतलब है कि एनजीटी के निर्देश पर भोजवैट लैंड की जमीन का सीमांकन व नप्ती की जा रही है। बीते दिनों में रेतघाट से लेकर खानूगांव तक सीमांकन किया जा चुका है।