युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी से की मुलाकात, मिला आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 मई 2025 को पटना एयरपोर्ट पर उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की। मात्र 14 वर्ष की उम्र में क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना चुके वैभव ने पीएम मोदी से मिलकर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने इस युवा खिलाड़ी को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके जुनून की सराहना की।

बिहार दौरे पर पीएम मोदी, सोशल मीडिया पर साझा की मुलाकात की तस्वीरें

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों बिहार के दौरे पर हैं। पटना एयरपोर्ट पर वैभव और उनके परिवार से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने इस भावुक क्षण की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा कीं। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “पटना एयरपोर्ट पर युवा क्रिकेट प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मिलना सुखद अनुभव रहा। उनके क्रिकेट कौशल की देशभर में चर्चा हो रही है। मेरी ओर से उन्हें भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”

कम उम्र में किया आईपीएल डेब्यू, पहले ही सीजन में बिखेरा जलवा

समस्तीपुर, बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपनी क्रिकेट यात्रा की शुरुआत बहुत ही कम उम्र में कर दी थी और मात्र 14 साल की उम्र में ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कदम रख दिया। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने उन्हें 2025 के सीजन के लिए अपनी टीम में शामिल किया और उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया।

आईपीएल 2025 में वैभव को सात मुकाबलों में खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 252 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी शैली ने सभी का ध्यान खींचा और वह तेज़ी से चर्चा में आ गए।

सबसे तेज भारतीय शतक का रिकॉर्ड बनाया

वैभव सूर्यवंशी तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ केवल 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। जयपुर में 28 अप्रैल 2025 को खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने मात्र 38 गेंदों पर 101 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने सात चौके और ग्यारह शानदार छक्के लगाए। इस प्रदर्शन के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

आईपीएल में डेब्यू के साथ बने करोड़पति

राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी को उनके पहले ही सीजन में 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनकी बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये थी, लेकिन उनकी प्रतिभा पर टीम ने भरोसा जताया और यह सौदा पूरी तरह से सफल साबित हुआ। वैभव की इस उपलब्धि ने न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में युवाओं को प्रेरित किया है।

इस ऐतिहासिक मुलाकात और वैभव के शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। अब सभी की निगाहें इस युवा सितारे पर टिकी हैं, जो आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के चमकते सितारे बन सकते हैं।