मानसून में आँखों की देखभाल के लिए करे ये उपाय, आंखें रहेंगी स्वस्थ

मानसून का मौसम अपने साथ ताजगी और सुकून लेकर आता है, लेकिन साथ ही यह कई स्वास्थ्य समस्याओं की वजह भी बनता है। हवा में बढ़ी हुई नमी और गंदगी के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपते हैं, जिससे सर्दी-जुकाम, स्किन इंफेक्शन तो होती ही है पर आंखों से जुड़ी कुछ आम समस्याएं भी सामने आने लगती हैं। इस मौसम में कंजक्टिवाइटिस जिसे आंख आना कहते है, आई एलर्जी, और आंखों से पानी आना जैसे संक्रमण बहुत आम हो जाते हैं।

ये दिक्कतें खासकर उन लोगों को होती है जो लगातार बाहर निकलते हैं या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं, ऐसे में आंखों को संक्रमण से बचाना एक चुनौती बन जाता है। बारिश के पानी में मौजूद गंदगी और बैक्टीरिया सीधा आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए मानसून के दौरान आंखों की विशेष देखभाल करना न केवल संक्रमण से बचाता है, बल्कि आपकी दृष्टि को भी सुरक्षित रखता है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी आंखें इस बारिश के मौसम में पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित रहें, तो यहां नीचे कुछ आसान उपाय बताए गए है, आइए जानते है

आंखों को बार-बार छूने से बचें

बारिश के मौसम में हवा और पानी में बैक्टीरिया और वायरस की संख्या बढ़ जाती है। गंदे हाथों से आंखों को छूना या रगड़ना कंजक्टिवाइटिस जैसी बीमारियों को न्योता देता है। हमेशा हाथ धोकर ही आंखों के पास जाएं।

स्वच्छ तौलिये और रूमाल का इस्तेमाल करें

अपने चेहरे और आंखों को पोंछने के लिए हमेशा साफ और सूखे तौलिये या रूमाल का उपयोग करें। दूसरों के तौलिये या नैपकिन से आंखें पोंछना संक्रमण फैला सकता है। साथ ही तौलिए को साफ रखे जिससे गंदगी आंखों तक न पहुंच पाए।

आंखों में पानी के छींटे मारें

दिन में 2-3 बार ठंडे व साफ पानी से आंखों में छींटे मारना लाभकारी होता है। इससे धूल, एलर्जी और बैक्टीरिया साफ हो जाते हैं, और आंखों को ठंडक भी मिलती है। ये करना आपको आंखों की समस्याओं से बचा सकता है।

आई मेकअप से सावधान रहें

मानसून में ज्यादा आई मेकअप का इस्तेमाल न करें, और अगर करें तो वाटरप्रूफ प्रोडक्ट्स चुनें। नमी की वजह से मेकअप आंखों में जाकर जलन या इंफेक्शन पैदा कर सकता है। इसलिए ज्यादातर इस मौसम में आई मेकअप अवॉयड करना ही फायदेमंद होगा।

संक्रमण के लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें

यदि आंखों में लालिमा, खुजली, जलन, पानी आना या सूजन जैसी समस्या हो तो इसे नजरअंदाज न करें। ये संक्रमण के लक्षण हो सकते हैं। घरेलू उपचार करने के बजाय तुरंत ही आंखों के डॉक्टर या विशेषज्ञ को दिखाना फायदेमंद होगा।

इसके अलावा आप आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए विटामिन A युक्त आहार लें गाजर, पालक आदि के सेवन करना अच्छा होता है। इस प्रकार आप बारिश के मौसम यानि मानसून में अपनी आंखों को संक्रमण से बचा कर सेहतमंद रख सकते है।