पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: ‘कृष्ण पाथेय’, ‘राम वन गमन पथ’ और ‘बुद्ध सर्किट’ पर MP-UP के बीच हुआ ऐतिहासिक MOU

MP-UP Tourism Collaboration: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पर्यटन व्यवसायियों, टूर आॅपरेटर्स, ट्रेवल एजेंट्स और होटल व्यवसाय से जुड़े हितधारकों के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावे के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा होटल ताज महल में पर्यटन रोड शो का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से श्री राम पथ गमन, श्री कृष्ण पाथेय और बुद्ध सर्किट के अनुसंधान और विकास की दृष्टि से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच एमओयू किया गया।

आगामी माह में होने वाले मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट और रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव की तैयारियों के दृष्टिगत यह रोड शो आयोजित किया गया। इस रोड शो में मुख्य अतिथि के रुप में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री पर्यटन धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रहे। अभिनेता पंकज त्रिपाठी, प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शेखर शुक्ला तथा उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, पर्यटन मुकेश कुमार मेश्राम भी इस मौके पर उपस्थित थे। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि किसी क्षेत्र में यदि औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति और पर्यटन क्रांति आ जाये तो उस क्षेत्र का विकास तीव्र गति से होता है। ऐसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होते हैं।

पर्यटनमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश, अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और धार्मिक संपदा के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने मध्यप्रदेश की पर्यटन नीति और निवेश के अवसरों पर चर्चा करते हुए, सभी को मध्यप्रदेश आने और प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया।

उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मां गंगा से मांं नर्मदा तक की यह यात्रा न केवल पर्यटकों को सुखद अनुभूति प्रदान करेगी बल्कि हमें एक-दूसरे को और संबंधों को भी प्रगाढ़ करेगी।

दोनों राज्यों में मिलेगा टूरिज्म को बढ़ावा

ा्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि बाबा महाकाल और बाबा काशीविश्वनाथ दुनियाभर के श्रृद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। दोनों ही ज्योर्तिलिंग को जोड़ने के लिये काशी विश्वनाथ महाकाल एक्सप्रेस संचालित होती है। गंगा और नर्मदा पर्यटन कॉरिडोर प्रस्तावित परियोजना के तहत मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ा जाएगा। प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर से गुजरने वाले इस गलियारे में दोनों राज्यों के बीच पर्यटन सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।