मधुबनी के रेस्टोरेंट में रॉड-कुदाल लेकर घुसे बदमाश: ग्राहक जान बचाकर भागे, दो गिरफ्तार

बिहार के मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र में नवादा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित मौर्यन रेस्टोरेंट में बदमाशों ने तांडव मचाया। करीब 10 से 12 नकाबपोश युवक लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और कुदाल लेकर अंदर घुस आए। उन्होंने शीशे का मुख्य गेट, कूलर, टेबल-कुर्सियां, फ्रिज, एसी, फर्नीचर और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी दहशत में भाग निकले।

संचालक के अनुसार इस तोड़फोड़ में 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ। घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार यह हमला अचानक नहीं हुआ। इससे पहले 23 अक्टूबर को रेस्टोरेंट के प्रबंधक के साथ मारपीट की घटना हो चुकी थी, जिस पर सकरी थाने में मामला दर्ज था। आरोप है कि आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था। इसी विवाद के चलते नवंबर में दोबारा रेस्टोरेंट पर हमला किया गया। बदमाश संचालक को खोजते हुए जान से मारने की धमकी भी देते नजर आए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर जांच तेज की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पंडौल थाना क्षेत्र के बोटरी गांव निवासी दो युवकों राहुल कुमार यादव और राजा यादव को गिरफ्तार किया गया। उनके घर से घटना में इस्तेमाल कुछ सामान भी बरामद हुआ। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। सकरी थाने में इस संबंध में नया मामला दर्ज कर लिया गया है।