राजधानी सहित प्रदेश के कई दिनों में बीते कुछ दिनों से सर्वर की परेशानी से आवेदक जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि समग्र पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण जहां एक सप्ताह से समग्र सहित अन्य कामकाज पूरी तरह से ठप हो गए हैं। लोग सुबह से शाम तक वार्ड कार्यालय और लोक सेवा केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में लर्निंग लाइसेंस में आॅनलाइन आवेदन के बाद टेस्ट पास करने के बाद लर्निंग लाइसेंस प्रिंट होने की प्रक्रिया तीन दिनों से ठप है। इससे सैकड़ों आवेदक रोजाना परेशान हो रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी इस समस्या का अब तक हल नहीं निकल पाया है। ऐसे में लगातार सर्वर डाउन होने से राजधानी के हजारों आवेदक अपने काम कराने के लिए परेशान हो रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि लर्निंग लाइसेंस प्रिंट नहीं होने से लोगों को अतिरिक्त पैसे लेकर काम कराना पड़ रहा है। आॅनलाइन सुविधा होने के कारण सैकड़ों आवेदकों के इस मामले में फीस भी फंस रही है और लाइसेंस भी नहीं बन रहे हैं।
केवाईसी कराने भटक रहे लोग
समग्र पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से पोर्टल का सर्वर ठप चल रहा है। इससे लोग समग्र आईडी और ई-केवाईसी कराने के लिए भटक रहे हैं। नया समग्र आईडी बनाना हो या फिर इसे अपडेट करना हो, जो काम 2 मिनट में हो जाना चाहिए, उसमें आधे घंटे से अधिक का समय लग रहा है। एमपी आॅनलाइन सेंटरों पर भी लोग काम कराने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं। इधर, केवाईसी करने के दौरान मोबाइल पर भी काफी देर से ओटीपी आ रहा है, ऐसे में जानकारी अपडेट करने का टाइम-ही खत्म हो जाता है। ओटीपी के लिए 10-15 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है। पोर्टल के धीमे चलने से लोग ई-केवाईसी कराने में भी अब रुचि नहीं ले रहे हैं। समय पर ई-केवाईसी सहित समग्र आईडी अपडेट नहीं होने से स्कूलों में एडमिशन से संबंधित दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, राशन कार्ड हितग्राहियों के ई-केवाईसी नहीं होने से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। इधर, आयुष्मान कार्ड बनाने के दौरान भी दिक्कतें आ रही हैं।