MP BJP President: मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, यह तस्वीर आज शाम तक साफ हो जाएगी। जबकि पार्टी की ओर से विधिवत घोषणा बुधवार की सुबह पार्टी की कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे। इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता यहां पर मौजूद रहेंगे। कार्यसमिति की बैठक के लिए सभी विधायकों के साथ जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों को सूचना कर दी गई है। इधर यह लगभग तय है कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। आज शाम को चुनाव की औपचारिता पूरी की जाएगी। जिसमें नामांकन भरा जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि नामांकन के बाद शाम को 6.30तक तस्वीर साफ हो जाएगी।
खंडेलवाल नहीं कर सकेंगे मतदान
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदाता सूची में हेमंत खंडेलवाल का नाम नहीं हैं। बैतूल जिले से आठ मतदाता इस सूची में हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके का नाम हैं। इनके अलावा जिले से आदित्य बबला शुक्ला, वर्षा गाडेकर, जगदीप पंवार, सीताराम चढ़ोकार, नरेंद्र गढ़ेकर, अल्केश आर्य और गीताबाई उइके का नाम शामिल हैं।
यह है चुनाव कार्यक्रम
आज शाम 4.30 से 6.30 बजे तक नामांकन जमा होंगे। शाम 6.30 से 7.30 तक जांच होगी, 7.30 से 8 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। रात 8.30 बजे अंतिम सूची की घोषणा की जाएगी। आवश्यक हुआ तो मतदान करवाया जाएगा। इसके बाद बुधवार दोपहर दो बजे से मतगणना की जाएगी। हालांकि ऐसा माना जा रहा कि मतदान की नौबत नहीं आएगी।