दिलजीत की ‘सरदार जी 3’ को पाकिस्तान में मिली जोरदार प्रतिक्रिया, भारत में विवाद के कारण नहीं हुई रिलीज

सरदार जी 3

Sardar Ji 3 Controversy: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ भले ही भारत में विवादों के कारण रिलीज नहीं हो पाई हो, लेकिन दुनिया के अन्य देशों, खासकर पाकिस्तान में, फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। यह फिल्म सरदार जी’ और सरदार जी 2 की अगली कड़ी है और इसमें दिलजीत दोसांझ के साथ पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही हनिया की कास्टिंग को लेकर विवाद शुरू हो गया था, जिसने भारत में इसके रिलीज को प्रभावित किया।

भारत में करना पड़ रहा विरोध का सामना

भारत में फिल्म पर कुछ वर्गों ने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने के लिए आपत्ति जताई है। भारत-पाक संबंधों के बीच मौजूदा तनाव के चलते यह मुद्दा और गहरा हो गया। कई संगठनों ने दिलजीत की फिल्म का विरोध करते हुए भारतीय सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की। यही कारण है कि ‘सरदार जी 3’ को भारत में रिलीज नहीं किया गया, हालांकि इसे दुनिया भर में बड़े स्तर पर प्रदर्शित किया गया है। 

दिलजीत ने सोशल मीडिया स्टोरी

दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी दर्शकों की प्रतिक्रिया साझा करते हुए फिल्म की लोकप्रियता को रेखांकित किया। उन्होंने एक वीडियो स्टोरी पोस्ट की, जिसमें पाकिस्तान के सिनेमाघरों में दर्शकों को फिल्म का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है। वीडियो पर लिखा था, “देश में सबसे बड़ी अल्ट्रा स्क्रीन पर 12 शो। सरदार जी 3 को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।” फिल्म ने सिर्फ दो दिनों में ₹11.03 करोड़ का वैश्विक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया, जिसमें पहले दिन ₹4.32 करोड़ और दूसरे दिन ₹6.71 करोड़ की कमाई दर्ज की गई।

जावेद अख्तर ने क्या कहा

इस विवाद पर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म पहले ही शूट हो चुकी थी और अब इसे रोकना निर्माता के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने सरकार और फिल्म निकायों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। अख्तर ने स्पष्ट किया कि यह किसी पाकिस्तानी निर्माता की फिल्म नहीं है, बल्कि भारतीय पैसे से बनी है। ‘सरदार जी 3’ का निर्माण व्हाइट हिल स्टूडियोज और स्टोरी टाइम प्रोडक्शंस के बैनर तले गुनबीर सिंह सिद्धू, मनमोर्ड सिद्धू और दिलजीत दोसांझ ने किया है, जिसमें नीरू बाजवा और जैस्मीन बाजवा भी अहम भूमिका में हैं।