25,000 rupees for laptops reached the accounts of Medhavi students: प्रदेश के 94 हजार 23 मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे आज खुशी से खिल उठे है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को स्कूल शिक्षा विभाग की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की राशि लैपटॉप क्रय करने के लिये उनके बैंक खाते में अंतरित की है। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में लैपटॉप की राशि अंतरित की गई। यहां पांच सौ विद्यार्थियों को सीएम ने चैक सौंपे और बाकी विद्यार्थियों के बैंक खातों में यह राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस योजना को सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश की मेधा शक्ति को सम्मान देने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीक सफलता की कुंजी है, और एक लैपटॉप छात्रों को भविष्य संवारने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह कोई ट्रॉफी नहीं है बल्कि भविष्य निर्माण का औजार है। युवाओं के भविष्य निर्माण के लिए हमारी सरकार कोई कसर बाकी नहीं रखेगी। सीएम ने कहा मुझे प्रसन्नता है कि हम प्रदेश में 12वीं कक्षा में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए प्रत्येक विद्यार्थी 25 हजार की प्रोत्साहन राशि दे रहे हैं।
विकसित भारत के लिए फौज तैयार करने का संकल्प
सीएम ने कहा कि प्रदेश के 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए प्रत्येक विद्यार्थी 25 हजार की प्रोत्साहन राशि देना यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत की ध्येय प्राप्ति के लिए युवा फौज तैयार करना हमारा संकल्प है। सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।