Major technical fault in Boeing 737: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं. इसी कड़ी में, बैंकॉक के लिए उड़ान भरने वाली थाई लायन एयर की एक फ्लाइट शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण वापस पार्किंग स्टैंड पर लौट आई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अधिकारियों ने बाद में घोषणा की कि यह उड़ान दिनभर के लिए रद्द कर दी गई है.
फ्लैप में समस्या के कारण लौटा विमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बोइंग 737 नई पीढ़ी के विमान में फ्लैप से संबंधित समस्या आ गई थी. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अधिकारियों ने बताया कि विमान शुक्रवार देर रात 1:35 बजे कोलकाता में लैंड हुआ था और इसे तड़के 2:35 बजे कोलकाता से बैंकॉक के डॉन मुआंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरनी थी. उड़ान भरने से पहले आई तकनीकी खराबी के कारण विमान को वापस पार्किंग बे में लाना पड़ा और अंततः उड़ान रद्द कर दी गई. एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि “फ्लैप” विमान के उड़ान भरने और उतरने दोनों के दौरान बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए सुरक्षा कारणों से उड़ान को रद्द करना ही एकमात्र विकल्प था.
यात्रियों में नाराजगी, सुरक्षा बनी प्राथमिकता
विमान में 130 यात्री और सात क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें घंटों इंतजार के बाद उड़ान रद्द होने की सूचना मिली. एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि विमान रद्द होने से यात्री स्वाभाविक रूप से नाखुश थे और कई यात्रियों ने तो एयरलाइन कर्मचारियों पर अपना गुस्सा भी निकाला. हालांकि, एयरलाइन के एक अधिकारी ने स्थिति को समझाते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसी कारण उड़ान को दिनभर के लिए रद्द करने का निर्णय लिया गया. हाल के दिनों में तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों के रद्द होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे हवाई यात्रा करने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं.