मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्रावण के पवित्र माह के दूसरे दिन उज्जैन में सपत्नीक भगवान श्रीमहाकाल के दर्शन कर भस्मारती में शामिल हुए। भस्मारती के बाद उन्होंने सपत्नीक भगवान श्रीमहाकाल का पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंह घाट पर स्नान कर पूजन-अर्चन भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा श्रीमहाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश देश के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रगति कर समृद्धि की और अग्रसर है। वहीं प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख बहनों को आज अपने सीएम मोहन भैया से रक्षाबंधन की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को उज्जैन जिले की ग्राम पंचायत नलवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना के तहत इस माह की राशि के 1543 करोड़ 16 लाख रुपए बहनों के बैंक खातों में ट्रांसफ र करेंगे। इस मौके पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गैस सिलेंडर उज्जवला योजना के हितग्राहियों के खातों में भी सीएम जुलाई माह की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
कल से दुबई-स्पेन की निवेश यात्रा
निवेश जुटाने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 13 जुलाई से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन प्रवास पर रहेंगे। वे वहां के निवेशकों, उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश करने का न्यौता देंगे। विदेश यात्रा के दौरान सीएम डॉ मोहन यादव पहले चरण में 13 से 15 जुलाई तक दुबई की यात्रा करेंगे। यहां वे इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल के साथ बैठक करेंगे। लुलु इंटरनेशनल ग्रुप, लैंड मार्क ग्रुप और नखील गु्रप के साथ वे उच्चतस्तरीय चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री 16 से 19 जुलाई के बीच स्पेन की यात्रा पर रहेंगे। वे यहां स्पेन की अग्रणी आॅटोमोबाइल कंपनियों और ग्रीन मोबेलिटी टैक्नालॉजी से जुड़े उद्योगपतियों से संवाद करेंगे।
हम समृद्धि के मार्ग पर…
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज बाबा महाकाल ने भस्म आरती में अद्भुत कृपा की है। बाबा के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम समृद्धि के मार्ग पर निवेशकों को आमंत्रित कर रहे हैं। कल मैं दुबई और स्पेन के 7 दिवसीय दौरे पर जा रहा हूं।
मुख्य मंत्री मोहन यादव का संदेश
मैं प्रतिबद्ध हूँ लाडली बहनों को प्रतिमाह दी जाने वाली राशि को धीरे-धीरे करके 3000 तक पहुंचाएंगे। लाडली बहनों की बात ही अलग है। आज बहनों के खाते में 1250 रुपए की राशि अंतरित की जाएगी। रक्षाबंधन के पहले ढाई सौ रुपए की अतिरिक्त राशि के साथ 1500 बहनों के खाते में अंतरित करेंगे। भाई दूज के बाद नवंबर के महीने से हर महीने 1500 की राशि बहनों के खाते में अंतरित करने का संकल्प पूरा होगा।