रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ विवादों में, शूटिंग के दौरान पाकिस्तानी झंडे दिखने से सोशल मीडिया पर हंगामा

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के बाद अब अभिनेता रणवीर सिंह की आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ सोशल मीडिया पर विरोध का सामना कर रही है। लुधियाना के खेड़ा गांव में फिल्म की शूटिंग के दौरान एक घर की छत पर पाकिस्तानी झंडे लगे दिखने के बाद यह विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर लोगों ने पाकिस्तानी झंडों के इस्तेमाल पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में क्या है?

सामने आए 27 सेकंड के एक वीडियो में रणवीर सिंह एक मकान की छत पर काले रंग का कोट पहने खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं और मकान पर पाकिस्तान का झंडा लगा हुआ है। इसके बाद, वीडियो में रणवीर गली में चलते हुए प्रशंसकों को देखकर हाथ हिलाते हैं। दोबारा वह उसी छत पर दिखते हैं, जहां वह हाथ में एके-47 गन लिए छत से नीचे कूदते हैं। वीडियो के अंत में, रेलवे ट्रैक के पास एक ऑयल कंटेनर में धमाका होता हुआ भी दिखाई दे रहा है।

सोशल मीडिया पर भड़की बहस

फेसबुक पर इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रियाएं दी हैं। केसीपी प्रिंस नाम के एक यूजर ने टिप्पणी की, “बॉलीवुड दिलजीत से इसलिए नफरत करता है क्योंकि वह दो देशों के बीच शांति चाहते हैं, जबकि बॉलीवुड दो देशों के बीच नफरत चाहता है।” वहीं, हरमन सिंह सोढ़ी ने लिखा, “पाकिस्तानी झंडा लगा रखा है। कोई देशद्रोही नहीं बोलेगा।” एक अन्य यूजर, शरण ने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि “इन्हें गर्मी नहीं लगती क्या, कोट और पैंट डाला हुआ है।”

फिल्म आदित्य धर द्वारा निर्देशित की जा रही है। इस विवाद के बाद फिल्म के मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।