दिल्ली सरकार का ऐतिहासिक फैसला: ओलंपिक विजेताओं को अब मिलेंगे 7 करोड़ रुपये, नौकरी भी

दिल्ली सरकार ने खेल जगत में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत ओलंपिक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है. दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद ने इस महत्वपूर्ण जानकारी को साझा किया.

एक प्रेस वार्ता में मंत्री आशीष सूद ने बताया कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब सात करोड़ रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी. वहीं, रजत पदक विजेताओं को पांच करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले एथलीटों को तीन करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.

मेडल विजेताओं को सरकारी नौकरी भी

नकद पुरस्कारों के अलावा, दिल्ली सरकार ने ओलंपिक में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ग्रुप ‘ए’ की सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया है. इसी तरह, कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रुप ‘बी’ की नौकरी दिल्ली सरकार की ओर से प्रदान की जाएगी, जिससे उनके भविष्य को और भी सुरक्षित बनाया जा सके.

यह उल्लेखनीय है कि पहले दिल्ली सरकार ओलंपिक और पैरा-ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः तीन करोड़, दो करोड़ और एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देती थी. लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इस प्रोत्साहन राशि को काफी बढ़ा दिया गया है, जो खिलाड़ियों को देश और दिल्ली का नाम रोशन करने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा.