India Vs England Test Series: इंडिया वर्सेस इंग्लैंड 5 मैच की टेस्ट सीरीज का चौथा और बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाना है।
लॉर्ड्स में जीत दर्ज कर मेजबान टीम सीरीज में 2-1 की बढ़त बना चुकी है। ऐसे में उनकी नजरें चौथे टेस्ट को भी अपने नाम कर सीरीज पर कब्जा जमाने पर होगी। वहीं भारत चाहेगा कि वह मैनेजेस्टर में जीत दर्ज कर सीरीज में रोमांच का तड़का लगाए। भारतीय टीम 89 साल से इस मैदान पर पहली जीत का इंतजार कर रही है।
शुभमन गिल एंड कंपनी ने बर्मिंघम में जीत हासिल कर इतिहास रचा था और अब इस युवा ब्रिगेड से मैनचेस्टर में कहानी बदलने की उम्मीद है। भारतीय टीम ने पिछली बार 2014 में यहां आखिरी मुकाबला खेला था, जहां उन्हें पारी और 54 रन से हार झेलनी पड़ी थी। 1990 और 1982 में खेले गए दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे थे। 1974 में इंग्लैंड ने 113 रन से जीत हासिल की। 1971 में भी मुकाबला ड्रॉ रहा। 1959 में टीम इंडिया को 171 रन से हार झेलनी पड़ी थी। 1936 में भारत ने पहली बार यहां मैच खेला और फिर 1946 में दूसरी बार खेलने ने पहुंची। शुरूआती दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे। ओल्ड ट्रैफर्ड में टीम इंडिया ने अभी तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, वहीं 5 ड्रॉ रहे हैं।
मैनचेस्टर में 1990 के बाद कोई भारतीय नहीं लगा पाया शतक
मैनचेस्टर में भारतीय टीम की ओर से आखिरी बार शतक 1990 में लगा था। 1990 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की दूसरी पारी में सचिन तेंदुलकर ने शतक लगाया था। उन्होंने 189 गेंदों में 17 चौकों की मदद से नाबाद 119 रन बनाए थे। यह सचिन के टेस्ट करियर का पहला शतक था, जो फिलहाल मैनचेस्टर में किसी भी भारतीय द्वारा जड़ी गई अंतिम सेंचुरी है। 1990 में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी शतक जड़ा था। मैनचेस्टर में अब तक 8 भारतीय बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं।
मैनचेस्टर में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट: मैनचेस्टर में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट वीनू मांकड़ के नाम है। उन्होंने 2 मैच की 3 पारियों में 9 विकेट लिए। आबिद अली और लाला अमरनाथ ने 8-8 विकेट लिए। दिलीप दोशी और सुभाष गु्प्ते ने 6-6 विकेट लिए। बिसन सिंह बेदी, नरेंद्र हिरवानी, मदन लाल और सुरेंद्रनाथ के नाम 5-5 विकेट है।