फिल्म उदयपुर फाइल्स की आई नई रिलीज डेट, पहले हाईकोर्ट ने इसलिए लगा दी थी रोक

विवादों में घिरी फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। फिल्म के निर्देशक भरत श्रीनेत ने इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान करते हुए बताया कि यह फिल्म अब 8 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। पहले तय की गई तारीखों को लेकर कानूनी पेंच फंसने के बाद अब इस फिल्म को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट को निर्देश दिए थे कि वह इस फिल्म की रिलीज को लेकर दायर याचिकाओं पर 28 जुलाई को सुनवाई करे। इन याचिकाओं में केंद्र सरकार द्वारा फिल्म को दी गई मंजूरी को चुनौती दी गई थी। ऐसे में फिल्म की रिलीज पर अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब नई तारीख सामने आने के बाद दर्शकों के बीच एक बार फिर फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित है फिल्म

‘उदयपुर फाइल्स’ राजस्थान के उदयपुर शहर में घटित उस वीभत्स हत्याकांड पर आधारित है, जिसमें एक दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या कर दी गई थी। यह मामला देशभर में चर्चित रहा और सामाजिक तथा राजनीतिक स्तर पर भी व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। फिल्म की संवेदनशील विषयवस्तु को लेकर पहले से ही कई विवाद उठ चुके हैं, जिसके चलते यह लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।

विवादों के बीच अब रिलीज को तैयार

निर्देशक भरत श्रीनेत ने स्पष्ट किया कि फिल्म का उद्देश्य किसी समुदाय विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सच्ची घटनाओं को दर्शाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब जब रिलीज की तारीख तय हो गई है, तो दर्शक सिनेमाघरों में जाकर खुद फिल्म की कहानी और सच्चाई से रूबरू हो सकेंगे।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से कैसा रिस्पॉन्स मिलता है और क्या यह बॉक्स ऑफिस पर भी उतनी ही चर्चा बटोरने में सफल होती है जितनी कानूनी और सामाजिक विवादों के दौरान हुई।