मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सीहोर जिले के बड़ियाखेड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में 4 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही, उन्होंने 6 अन्य इकाइयों को आशय पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा देना है, और आज ₹2,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, बताया विकास में बाधक
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके ‘दृष्टिदोष’ के कारण प्रदेश का विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि 50 साल पहले सिंचाई का रकबा केवल 7 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 52 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सीहोर जिले को मिले इस निवेश से युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
भोपाल-इंदौर को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने की योजना
डॉ. मोहन यादव ने सीहोर को बदलते दौर का साक्षी बताया और कहा कि सरकार भोपाल और इंदौर को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित कर रही है। इस योजना के तहत इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी में देवास, उज्जैन, धार और शाजापुर के मक्सी को जोड़ा जाएगा। वहीं, भोपाल में सीहोर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम के कुछ हिस्सों को शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन शुभ है, क्योंकि शनिवार को शुरू किया गया कोई भी काम कभी रुकता नहीं और उसमें कभी नुकसान नहीं होता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में विकास की नई रफ्तार है, और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बना रहा है।
युवाओं को प्रदेश से बाहर जाने की नहीं होगी जरूरत: सीएम
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में फूड इंडस्ट्री लगने से किसानों को उनकी फसलों और सब्जियों का बेहतर दाम मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से सीहोर को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने उद्योगपतियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका निवेश केवल व्यापार नहीं, बल्कि लोगों के कल्याण का एक जरिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि सरकार रोजगारोन्मुखी उद्योगों को हर संभव मदद देगी। उन्होंने कहा कि सरकार 100 करोड़ के निवेश पर भारी सब्सिडी दे रही है, जिससे आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश देश का नंबर-1 राज्य बनकर उभरेगा।
राजस्व मंत्री ने भी की सरकार के कामों की तारीफ
इस अवसर पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश में निवेश लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राजस्व विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 1 करोड़ 9 लाख किसानों के लंबित मामलों का निपटारा किया गया है और 42 लाख लोगों को पट्टे बांटे गए हैं। वहीं, सीहोर की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना की और निवेशकों से प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।