ओडिशा के अफसर ने बनाया करप्शन का रिकॉर्ड: 44 प्लॉट, 1 Kg सोना, 2 Kg चांदी, बैंक बैलेंस सवा करोड़

करप्शन के कई मामले सामने आते रहते हैं। लाखों करोड़ रुपए की संपत्ति भी मिलती है। लेकिन ओडिशा के एक सरकारी कर्मचारी ने करप्शन का रिकॉर्ड बना दिया है। एक मोटर वाहन निरीक्षक के पास 44 प्लॉट, एक किलो सोना, दो किलो चांदी और सवा करोड़ रुपए का बैंक बैलेंस मिला है। ओडिशा का सतर्कता विभाग बौध जिले में तैनात गोलाप चंद्र हांसदा के पास मिली अकूत संपत्तियों के बाद इन सवालों का जवाब तलाश रहा है कि आखिर यह कैसे संभव हुआ।

विभाग ने एक गोपनीय शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हांसदा के छह ठिकानों पर छापेमारी की, जिसके बाद उनकी वास्तविक संपत्ति सामने आई। सरकारी दस्तावेजों और फिजिकल वेरिफिकेशन में जो आंकड़े सामने आए, उसे देखकर छापा मारने वाले अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। छापेमारी में हांसदा और उनके परिवार के पास कुल 44 प्लॉट, एक किलो सोना, 2.126 किलो चांदी, और 1.34 करोड़ रुपए से अधिक की बैंक जमा राशि का खुलासा किया है। वहीं 2.38 लाख कैश, और एक डायरी भी मिली है जिसमें कथित तौर पर बेनामी संपत्ति के लेन-देन का पूरा ब्यौरा दर्ज है। उन्होंने अपनी बेटी की मेडिकल की पढ़ाई पर 40 लाख रुपए खर्च किए हैं।

43 प्लॉट तो एक ही शहर में

हांसदा के नाम और उनके परिजनों के नाम पर मिले 44 प्लॉट से 43 प्लॉट बारिपदा शहर और उसके आसपास के इलाके में हैं। एक भूखंड बालासोर के बाहरी हिस्से में पाया गया है। इसके अलावा, हांसदा के पास 3300 वर्गफुट का एक दोमंजिला मकान भी है, जो बारिपदा में स्थित है। गोलाप चंद्र हांसदा ने 1991 में सरकारी सेवा में प्रवेश किया था। फिलहाल उनका मासिक वेतन 1.08 लाख है, यानी सालाना आय लगभग 13 लाख के आसपास होती है।