मध्यप्रदेश कांग्रेस की रणनीति बैठक: वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन और संगठन को मजबूत करने पर जोर

Madhya Pradesh Congress strategy meeting: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित इंदिरा भवन में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने की, जबकि इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और वरिष्ठ नेताओं समेत समिति के प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, जनता से जुड़े अहम मुद्दों, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

संगठनात्मक एकजुटता और संघर्ष का संकल्प

बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह बैठक पार्टी की एकजुटता और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर बनी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी वोट चोरी जैसे मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जनता के हक, न्याय एवं विकास के लिए हर संघर्ष में डटी रहेगी। सिंघार ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस की आवाज़ जनता की आवाज़ है, और यह आवाज़ आने वाले दिनों में और बुलंद होगी।

आंदोलन और अभियान की विस्तृत योजना

बैठक में तय किया गया कि आने वाले हफ्तों में कांग्रेस कई चरणबद्ध आंदोलनों के जरिए सरकार को घेरने का काम करेगी। इसके तहत “वोट चोरी” और “गद्दी छोड़ो” जैसे अभियानों को चलाया जाएगा। 14 अगस्त की रात को प्रदेशभर में कैंडल मार्च का आयोजन होगा, जबकि 22 अगस्त से 7 सितंबर तक विभिन्न जिलों में रैलियां निकाली जाएंगी, जिनका नेतृत्व वरिष्ठ नेता करेंगे। इसके अलावा 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जोड़ेगे और सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अलग-अलग मुद्दों पर अलग-अलग समितियां बनाई जाएंगी, जिनके जरिए बुद्धिजीवी वर्ग, सामुदायिक नेता और स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों को भी जोड़ा जाएगा। हस्ताक्षर अभियान के लिए विशेष प्रपत्र तैयार किया जाएगा।

जिलाध्यक्षों पर राहुल गांधी का अंतिम निर्णय

बैठक में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर एकमत से प्रस्ताव पारित किया गया कि इस संबंध में राहुल गांधी जो भी फैसला लेंगे, उसे सभी कार्यकर्ता और नेता स्वीकार करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्षों की नई सूची जल्द जारी की जाएगी।

बैठक में मौजूद दिग्गज

इस अहम बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन. पी. प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, ओमकार सिंह मरकाम, सुखदेव पांसे, तरुण भनोट, विधायक फूलसिंह बरैया, प्रदेश सहप्रभारी संजय दत्त, रणविजय लोचव, संगठन महामंत्री संजय कामले, पूर्व विधायक नीटू सिकरवार, प्रवीण पाठक, भूपेंद्र मरावी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र सिंह, NSUI अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल और सेवादल अध्यक्ष योगेश यादव सहित PAC के सभी सदस्य शामिल रहे।