अहमदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, आरोपी हिरासत में

Shocking incident in Ahmedabad: अहमदाबाद के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद शहर में तनाव का माहौल है। इस घटना से गुस्साए परिजनों और सिंधी समुदाय के लोगों ने बुधवार को स्कूल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।

आरोपी हिरासत में, सांप्रदायिक तनाव

यह घटना अहमदाबाद के खोखरा इलाके की है, जहां मंगलवार को 10वीं के छात्र नयन पर 9वीं के एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल नयन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया। मृतक छात्र सिंधी समुदाय से था, जबकि आरोपी मुस्लिम समुदाय से संबंधित है, जिसकी वजह से इलाके में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और किशोर न्याय कानून के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।

स्कूल में प्रदर्शन और तोड़फोड़

नयन की मौत की खबर फैलते ही, सिंधी समुदाय के लोग, अभिभावक, हिंदू संगठन और एबीवीपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर में जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने स्कूल की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, बसों पर पथराव किया और स्कूल के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों, जिनमें जेसीपी और डीसीपी भी शामिल थे, के समझाने पर भी वह शांत नहीं हुए।

परिजनों की मांग

पीड़ित छात्र के परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने आरोपी छात्र के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल और प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि स्कूल ने सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच मांसाहार (नॉनवेज) को लेकर झगड़ा हुआ था, जो इस घटना का कारण बना। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।