नरसिंहपुर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। उत्कृष्ट विद्यालय में पढ़ाने वाली 26 वर्षीय अतिथि शिक्षिका पर उसी स्कूल के 18 वर्षीय छात्र ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षिका करीब 25% तक झुलस गईं और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी
एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आरोपी छात्र फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। भूरिया ने कहा, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, घटना की असली वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षाओं के बीच छात्र अचानक शिक्षिका के पास आया और उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। चीख-पुकार सुनकर स्कूल स्टाफ और छात्रो ने आग बुझाई मे मदद की। घटना के बाद स्कूल में दहशत का माहौल है और अभिभावक भी चिंतित हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिक्षिका और आरोपी छात्र के बीच एक पुराना विवाद हो सकता है। स्वतंत्रता दिवस के दिन शिक्षिका साड़ी पहनकर स्कूल आई थीं। इस दौरान आरोपी ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शिक्षिका ने इसकी शिकायत स्कूल प्रशासन और पुलिस से की थी। माना जा रहा है कि इसी शिकायत की वजह से छात्र ने बदला लेने की नीयत से यह हमला किया।
पुलिस की कारवाही
पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और स्कूल स्टाफ व छात्रों के बयान भी लिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। घटना के बाद जिला प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों ने पीड़िता के परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, शिक्षा विभाग से भी रिपोर्ट तलब की गई है।