विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शरद पवार, मल्लिकार्जुन खरगे, डीएमके सांसद तिरुचि शिवा, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और गठबंधन के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन और प्रस्तावक
रेड्डी ने अपने नामांकन के चार सेट दाखिल किए हैं, जिन पर 160 सांसदों ने प्रस्तावक और अनुमोदक के तौर पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। बी. सुदर्शन रेड्डी, जो पहले सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश और गोवा के लोकायुक्त रह चुके हैं, अब हैदराबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय माध्यस्थम् एवं मध्यस्थता केंद्र के न्यासी बोर्ड के सदस्य भी हैं। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होने वाला है।
#WATCH | INDIA alliance Vice-Presidential nominee, former Supreme Court Judge B Sudershan Reddy files his nomination in the presence of Congress president-Rajya Sabha LoP Mallikarjun Kharge, Congress Parliamentary Party Chairperson Sonia Gandhi and Lok Sabha LoP Rahul Gandhi.… pic.twitter.com/CbvvmIhg9L
— ANI (@ANI) August 21, 2025
एनडीए उम्मीदवार पहले ही कर चुके हैं नामांकन
इससे पहले, एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनके नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सीपी राधाकृष्णन ने चार सेटों में नामांकन दाखिल किया, जिनमें से हर सेट पर 20 प्रस्तावकों और 20 अनुमोदकों के हस्ताक्षर थे। प्रधानमंत्री मोदी उनके मुख्य प्रस्तावक थे।
उपराष्ट्रपति चुनाव का अंकगणित
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 782 सांसदों का निर्वाचक मंडल है, जिसमें 542 लोकसभा और 240 राज्यसभा सांसद शामिल हैं। वर्तमान में, एनडीए के पास 422 सांसदों का समर्थन है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के पास 312 सांसद हैं। जीत के लिए 391 सांसदों का समर्थन आवश्यक है, जिससे एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनकी जीत का अंतर कितना बड़ा होता है।