बिहार की राजधानी पटना में, कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पर शुक्रवार को कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने अचानक कांग्रेस कार्यालय पर धावा बोला। उन्होंने परिसर में खड़े एक ट्रक के शीशे तोड़ दिए और ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से जुड़े पोस्टर फाड़ डाले। हमलावरों ने कांग्रेस के झंडे भी उतारकर फेंक दिए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पीएम मोदी पर ‘अपमानजनक टिप्पणी’ से विवाद
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई। यह मामला लगातार तूल पकड़ रहा है और एनडीए के नेता इस मुद्दे पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर लगातार हमलावर हैं।
#WATCH | Patna, Bihar: BJP and Congress workers clash as the former staged a protest against the latter in front of the Congress office. pic.twitter.com/GDUxM0JgyB
— ANI (@ANI) August 29, 2025
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और राजद के मंच से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और उनकी स्व. माता जी के विरुद्ध जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत अशोभनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं।”
आरोपी गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
बता दें कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान सिंहवाड़ा प्रखंड के अतरबेल चौक पर बने एक मंच से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मो. नौशाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। इस घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्यनाथ नारायण मन्ना ने सिमरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आज गाली देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।