बुरहानपुर (मध्य प्रदेश): जिले के लालबाग थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव में गणेश विसर्जन के दौरान सोमवार शाम अचानक माहौल बिगड़ गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले पंडाल में आयोजित हनुमान चालीसा पाठ के समाप्त होते ही कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। देखते ही देखते दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में सात लोग घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव में सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन रविवार को हो चुका था, लेकिन चंद्रग्रहण की वजह से एक प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को तय हुआ था। इसी दौरान प्रतिमा के पंडाल के सामने हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया गया था। पाठ समाप्त होने के साथ ही अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस के साथ-साथ बड़ी संख्या में अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय बीजेपी विधायक अर्चना चिटनीस भी घटना की सूचना पाकर थाने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि बिरोदा गांव में ऐसी घटना कोई पहली बार नहीं हुई है। एक साल पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा, “न्याय का पहला सिद्धांत है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। प्रशासन को चाहिए कि इस बार सख्त से सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।”
गांव में तनाव, पुलिस मुस्तैद
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और अफवाहों पर नजर रखे हुए है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि विवाद की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।