रायपुर में नाबालिग की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर (छत्तीसगढ़): तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में गणेश दर्शन के लिए घर से निकले एक 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

नाबालिग 26 अगस्त की रात घर से गणेश देखने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। 11 दिन बाद ग्राम कोटा स्थित बड़े तालाब के पास झाड़ियों में उसकी लाश कीचड़ में दबा हुई मिली। आसपास के लोगों ने बदबू आने पर शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि नाबालिग के साथ अप्राकृतिक यौन कृत्य करने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विजय धीरज (24) ने नाबालिग के साथ कृत्य स्वीकार किया। जब नाबालिग ने यह बात सबको बताने की बात कही, तो आरोपी डर गया और अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी।

आरोपियों में एक नाबालिग और दूसरा कुलदीप बंजारे (22) भी शामिल है। पुलिस ने हत्या और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।