रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी में पकड़े गए ड्रग्स सिंडिकेट मामले का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने नव्या मलिक, विधि अग्रवाल और रुपिंदर उर्फ पिंदर सिंह उर्फ पाब्लो से पूछताछ के बाद एक सूची तैयार की है। इस सूची में सबसे ऊपर एक समाजसेवी और राजनेता के बेटे का नाम शामिल है, जिनसे जल्द पूछताछ की जाएगी।
नव्या–विधि गुट के सदस्य भिड़े
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लवकुश वाटिका के पास शुक्रवार रात नव्या मलिक और विधि अग्रवाल से जुड़े गुटों में आपसी विवाद हुआ। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर फंसाने का आरोप लगाते हुए भिड़ गए। इस दौरान एक बिल्डर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस तक शिकायत नहीं पहुँची, और अधिकारी भी विवाद की पुष्टि करने से बचते दिखे।
वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए चलता था नशे का कारोबार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए नए ग्राहकों को जोड़ते थे और उनकी गतिविधियों पर नजर रखते थे। बाद में कारोबार को सीमित कर केवल भरोसेमंद ग्राहकों को सप्लाई दी जाती थी। आरोपी एडवांस पेमेंट लेकर डिलीवरी करते और सप्लाई के लिए होटल, पब, बार और आफ्टर पार्टी जैसे ठिकानों का इस्तेमाल करते थे। इन पार्टियों में शामिल होने के लिए ऑनलाइन फॉर्म अनिवार्य था। पुलिस को शक है कि कई प्रभावशाली लोगों ने इस नेटवर्क को संरक्षण दिया।
850 से ज्यादा नामों की सूची तैयार
जांच टीम अब उन युवाओं और आयोजकों की सूची तैयार कर रही है, जिन्होंने इन पार्टियों में हिस्सा लिया। 850 से अधिक नाम सामने आए हैं शंकर नगर, पेंशनबाड़ा, समता कॉलोनी, राजेंद्र नगर, वीआईपी रोड, कटोरा तालाब, संतोषी नगर, देवेंद्र नगर और तेलीबांधा के कई बड़े कारोबारियों और रसूखदारों के नामिलॉग शामिल है। सभी से पूछताछ होगी। अवैध कारोबार में भूमिका निभाने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी।