एशिया कप 2025: 7 विकेट के साथ भारत की धमाकेदार जीत, मैच बाद ‘नो हैंडशेक’ पर हंगामा

दुबई: एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को करारी हार दी। रविवार को खेले गए मैच में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी में दम दिखाते हुए पाकिस्तान को 20 ओवर में 127 रन पर रोक दिया। इसके बाद लक्ष्य को मात्र 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

हालांकि, जीत के बाद का नज़ारा चर्चा में रहा। मैच खत्म होने पर पाकिस्तान के खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए मैदान पर खड़े थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी मैदान पर नहीं लौटे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें भारतीय टीम ने ड्रेसिंग रूम का दरवाज़ा बंद कर लिया।

इस रवैये पर पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख्तर ने नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा – “क्रिकेट को राजनीतिक मत बनाइए। खेल है, इसे खेल की तरह लीजिए। हाथ मिलाइए और आगे बढ़िए।” उन्होंने पाक कप्तान सलमान अली आगा का पोस्ट-मैच सेरेमनी में न जाना भी सही ठहराया।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत थी। मैच से पहले विरोध के स्वर भी उठे थे, लेकिन टूर्नामेंट नियमों के चलते खेलना पड़ा। टीम इंडिया ने जहां मैदान पर शानदार जीत दर्ज की, वहीं मैच के बाद ‘नो हैंडशेक’ से भी अपना संदेश साफ़ कर दिया।