जयपुर: जयपुर के गलता गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 41 वर्षीय व्यक्ति की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने अपनी 12 साल की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया था।
नाबालिग बेटी से छेड़छाड़
पुलिस के अनुसार मृतक रात में शराब की दुकान से क्वार्टर खरीदकर बेचता था। मंगलवार रात करीब 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर निवासी जस्सी सरदार उर्फ मद्दी उसके पास शराब लेने पहुंचा। उधार मांगने पर जब उसे मना किया गया तो आरोपी ने पास खड़ी नाबालिग से छेड़छाड़ की।
यह देखकर पिता ने विरोध किया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, फिर आरोपी वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद वह बैट लेकर लौटा और गुस्से में आकर पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
परिजन घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई
पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना पर गलता गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पोक्सो और हत्या के आरोप में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की। देर रात पुलिस ने दबिश देकर आरोपी जस्सी को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया।