फ्री में शराब मांगने पर दुकानदार ने पिलाया जहर, 2 युवकों की मौत

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां फ्री में शराब मांगने पर अवैध शराब बेचने वाले दुकानदार ने सुहागा (बोरैक्स) शराब में मिलाकर दो युवकों की हत्या कर दी। यह घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही की है।

इलाज के दौरान मौत

15 सितंबर को सूरज यादव और मनोज कश्यप गांव में बेहोशी की हालत में मिले। उनके पास से शराब की बोतल भी बरामद हुई। परिजन उन्हें इलाज के लिए सारंगढ़ के प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दोनों की मौत हो गई।
शुरुआत में मामला जहरीली शराब से मौत का लगा, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि यह एक सोची-समझी साजिश थी।

सुहागा को बनाया जहर

मुख्य आरोपी भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र (25) गांव में अवैध शराब बेचता था। दोनों युवक रोजाना उसके पास फ्री में शराब मांगने आते और न देने पर पुलिस को सूचना देने की धमकी देते थे। इससे परेशान होकर भोला ने अपने चचेरे भाई अनिल टंडन (35) की मदद से योजना बनाई।

अनिल सुनार के पास गया और खुद को बैगा बताकर सुहागा ले आया। सुहागा एक केमिकल कंपाउंड है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सोनार और मेटल जोड़ने में होता है। लेकिन इसे शराब में मिलाने पर केमिकल रिएक्शन से यह जहर में बदल जाता है, जो इंसान की जान तक ले सकता है। दोनों ने शराब में सुहागा मिलाकर पीने को दे दिया, जिससे दोनों युवकों की मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने शुरुआत से ही मामले को गंभीरता से लिया। आरोपी भोला ने पहले तो इंकार किया, लेकिन जब पता चला कि उसने अपनी मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दी, तो शक गहराया। कड़ी पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया और चचेरे भाई का नाम भी बताया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 103(1) BNS, 61(2), 123 BNS के तहत केस दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

SP विजय कुमार पांडेय ने बताया कि साइबर टीम और बिर्रा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से सुहागा, शराब के रैपर और एक सूजा बरामद किया गया है।