प्रधानमंत्री मोदी 22 सितंबर करेंगे अरुणाचल और त्रिपुरा का दौरा, 5,100 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और माताबारी स्थित माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर में विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे।

अरुणाचल प्रदेश में 3,700 करोड़ की जलविद्युत परियोजनाएं

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, मोदी ईटानगर यात्रा के दौरान तातो-1 (186 मेगावाट) और हीओ (240 मेगावाट) जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन दोनों परियोजनाओं पर 3,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे और इन्हें अरुणाचल प्रदेश के सियोम उप-बेसिन में विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री तवांग में एक एकीकृत अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे।

त्रिपुरा में धार्मिक-पर्यटन को बढ़ावा

अरुणाचल प्रदेश के बाद मोदी त्रिपुरा पहुंचेंगे, जहां वे माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जनसभा को करेंगे संबोधित

पीएम मोदी दोनों राज्यों में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और स्थानीय जनता को संबोधित करेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ेगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे पूर्वोत्तर राज्यों की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।