मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे राज्य स्तरीय “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” का शुभारंभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही इसी कार्यक्रम में आयुष वेलनेस टूरिज्म के अंतर्गत आयुष विभाग और पर्यटन विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

हेल्पलाइन का शुभारंभ

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम का 55 जिलों की 55 इकाइयों में विस्तार करेंगे तथा कैंसर रोगियों के लिए “कारुण्य” कार्यक्रम और औषधीय पौधों के लिए हेल्पलाइन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही एसएमपीबी ‘मध्यम पौध दर्पण’ पत्रिका और जन स्वास्थ्य समिति के नियमों और विनियमों का भी विमोचन करेगा। वहीं कार्यक्रम स्थल पर आयुष विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी।

कौन – कौन होगा शामिल

कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार करेंगे। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण,खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, विमुक्त घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर और संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी भी शामिल होंगे।