डॉ. एस. जयशंकर और मार्को रुबियो की मुलाकात, द्विपक्षीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर हुई चर्चा

न्यूयॉर्क: भारत और अमेरिका के बीच तनावपूर्ण रिश्तों को सुधारने के प्रयास के तहत विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के इतर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई जब दोनों देशों के बीच व्यापार और वीज़ा संबंधी कई मुद्दों को लेकर खटास बढ़ी है।

बैठक न्यूयॉर्क के एक होटल में आयोजित हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों को मज़बूत करने और प्राथमिक क्षेत्रों पर निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा— “हमारी बातचीत में कई द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्राथमिक क्षेत्रों में प्रगति के लिए लगातार संवाद आवश्यक है। हम संपर्क में रहेंगे।”

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा— “हमने द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख क्षेत्रों जैसे व्यापार, ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और क्रिटिकल मिनरल्स पर चर्चा की, जिससे भारत और अमेरिका दोनों को समृद्धि मिलेगी।”

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने “मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए साथ काम जारी रखने” और क्वाड सहयोग को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बढ़ते तनाव के बीच वार्ता

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब अमेरिका ने हाल ही में भारत पर कई कड़े कदम उठाए हैं। इनमें भारतीय सामानों पर 50% टैरिफ, एच-1बी वीज़ा शुल्क में 1 लाख डॉलर तक की बढ़ोतरी, ईरान के चाबहार बंदरगाह प्रोजेक्ट पर छूट खत्म करना और कुछ भारतीय कॉर्पोरेट अधिकारियों के वीज़ा रद्द करना शामिल है। भारत ने इन कदमों पर चिंता जताई है और इन्हें मानवीय परिणामों वाला बताया है।

इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष को समाप्त कराया, जिस पर भारत पहले भी कई बार आपत्ति जता चुका है। ट्रंप ने कहा— “भारत और पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार हैं, मैंने कहा कि अगर आप लड़ाई करेंगे तो व्यापार नहीं होगा… और वे रुक गए।”

क्वाड देशों की बैठक 

विदेश मंत्री जयशंकर इस साल नौ महीनों में पांचवीं बार अमेरिका की यात्रा पर हैं। वे वाशिंगटन भी जाएंगे, जहां क्वाड देशों (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) की विदेश मंत्रियों की बैठक की तैयारियों पर चर्चा हो सकती है। नवंबर में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य नेताओं के दिल्ली आने की संभावना है।

यूएन महासभा में राष्ट्रपति ट्रंप 23 सितंबर (मंगलवार) को संबोधित करेंगे, जबकि जयशंकर 27 सितंबर को भारत की ओर से भाषण देंगे। वहीं, हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की टेलीफोन वार्ता के बाद व्यापार वार्ता फिर से शुरू होने की संभावना जताई गई है, जिससे रिश्तों में सुधार की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।

यह मुलाकात संकेत देती है कि तनावपूर्ण माहौल के बावजूद भारत और अमेरिका अपने संबंधों को नए सिरे से संतुलित करने और साझा हितों पर काम करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।