रीवा: लक्ष्मण बाग में गाय का कटा सिर मिलने से हड़कंप, लोगों ने किया चक्काजाम; पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही

रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बाग मोहल्ले में शनिवार को गाय का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में भारी हड़कंप मच गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए सड़क पर चक्काजाम कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

विरोध प्रदर्शन और प्रशासन को चेतावनी

गाय का कटा हुआ सिर सड़क पर रखकर लोगों ने प्रदर्शन किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीएचपी नेता बालकृष्ण द्विवेदी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर रात मोहल्ले में कुछ संदिग्ध लोगों को घूमते हुए देखा गया था, जिन पर इस कृत्य को अंजाम देने का संदेह है।

पुलिस का एक्शन और जाँच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

 बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 सीएसपी राजीव पाठक ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।