भोपाल के छात्र और पूर्व NSUI पदाधिकारी पर ₹3 करोड़ के साइबर फ्रॉड का आरोप, तार पाकिस्तान तक जुड़े

राजधानी भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) के छात्र और NSUI के पूर्व अध्यक्ष अमन कुमार का नाम एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले में सामने आया है। आरोप है कि अमन ने अपने साथियों के साथ मिलकर भारतीय डाक भुगतान बैंक (IPPB) में 250 से अधिक खाते खुलवाए, जिनका उपयोग करीब ₹3 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन के लिए किया गया।

इस पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क के तार पाकिस्तान तक जुड़े होने की बात सामने आई है। यह सनसनीखेज खुलासा बिहार के मोतिहारी में हुई पुलिस कार्रवाई के बाद हुआ।

₹500 का लालच और 250 खाते

मूल रूप से बिहार के खाप गोपालपुर का रहने वाला अमन MCU में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का थर्ड ईयर का छात्र है। पुलिस पूछताछ में इस समूह के काम करने का तरीका सामने आया अमन और उसके साथियों ने भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और ₹500 प्रति माह मिलने का लालच देकर इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में 250 से अधिक खाते खुलवाए। इन खातों का उपयोग ₹3 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी के पैसे के लेन-देन के लिए किया गया। बिहार में इस नेटवर्क को राजपुर पटखौलिया पंचायत के सरपंच मोहन दास का बेटा विशाल कुमार लीड कर रहा था। जांच में पता चला कि अमन भोपाल में रहते हुए बीते दो साल से यह काम कर रहा था। उसे हर खाता खुलवाने पर ₹2,500 से ₹5,000 मिलते थे।

करीब 20 दिन पहले ग्रामीण पीड़ितों ने शिकायत की थी कि उन्हें झांसा देकर खाता खुलवाया गया, लेकिन न तो पासबुक दी गई और न ही पैसे मिले। बाद में बैंक द्वारा खातों पर रोक लगाने और पुलिस नोटिस जारी होने पर पूरा खेल सामने आया। एक पीड़ित, मजदूर मुस्लिम कुरैशी का खाता ₹50 हजार माइनस में चला गया था।

पाकिस्तान कनेक्शन और छात्र राजनीति में विवाद

पुलिस द्वारा जब्त किए गए 4 मोबाइल की जांच में इस फ्रॉड के तार पाकिस्तान तक जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

अमन की दोस्ती मोतिहारी में 12वीं के दौरान इरशाद से हुई थी, जिसने अमन को पाकिस्तान में बैठे अरशद से मिलवाया। यही तीनों मिलकर लोगों को लूटने का काम कर रहे थे। छात्र संगठन NSUI के प्रदेश अध्यक्ष अमन पठान ने बताया कि अमन कुमार को MCU में NSUI का अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन निष्क्रियता के कारण उसे हटा दिया गया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की राष्ट्रीय मंत्री शालिनी वर्मा और प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने इस घटना को लेकर NSUI पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके छात्र संगठन के पदाधिकारियों का नाम बार-बार देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ना ‘पाकिस्तान से यारी’ का सिलसिला साबित करता है। एबीवीपी ने छात्रों को NSUI से न जुड़ने की सलाह दी है।

पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और साइबर थाना पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रहा है।