उज्जैन में दर्दनाक हादसा: चंबल नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरी, 2 बच्चों की मौत; 1 अब भी लापता

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के इंगोरिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक चंबल नदी में गिर गई। इस हादसे में ट्रॉली में सवार 12 लोग पानी में डूब गए, जिनमें से 11 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा अब भी लापता है।

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और लापता बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रॉली नदी किनारे खड़ी थी इसी दौरान 12 साल के एक बच्चे ने ट्रैक्टर में लगी चाबी घुमा दी। अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट हुआ और अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और ट्रॉली सहित नदी में जा गिरा। ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु एक साथ पानी में जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृत और गंभीर रूप से घायल बच्चे

हादसे के बाद चार बच्चों को गौतमपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ दो बच्चों ने दम तोड़ दिया।  हादसे में 16 वर्षीय पृथ्वी राज और 8 वर्षीय वंश की मौत हो गई। 10 साल के अमिश और 6 साल के अंश की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 1 बच्चा लापता

हादसे की सूचना मिलते ही इंगोरिया पुलिस और एसडीईआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से 11 श्रद्धालुओं को नदी से बाहर निकाला गया। फिलहाल, लापता बच्चे शुभम की तलाश तेज कर दी गई है। गोताखोर लगातार नदी में खोजबीन कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच करने की बात कही है। साथ ही, श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे विसर्जन के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और बच्चों को किसी भी वाहन से छेड़छाड़ न करने दें।