“पूर्णिया में वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आए 5 लोग: 3 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल”

शुक्रवार को पूर्णिया जिले में एक दुखद हादसा हुआ। सुबह के समय वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, यह हादसा सुबह लगभग 4.40 बजे हुआ। घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह घटना कटिहार-जोगबनी रेलखंड के कसबा जबनपुर के नजदीक हुई। जानकारी के अनुसार, मृतक दशहरा मेले से लौट रहे थे। यह हादसा जोगबनी (अररिया) से दानापुर (पटना) जा रही वंदे भारत ट्रेन के कारण हुआ। गौरतलब है कि यह इस ट्रेन से होने वाली दूसरी मौत की घटना है। इससे पहले, 30 सितंबर को सहरसा के हटियागाछी रेलवे क्रॉसिंग के पास भी इसी ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मृत्यु हो गई थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। बता दें कि जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस सीमांचल क्षेत्र को बिहार की राजधानी पटना से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन जोगबनी से सुबह 3:25 बजे रवाना होती है और पूर्णिया, सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर, और मुजफ्फरपुर होते हुए सुबह 11:30 बजे दानापुर पहुंचती है।