10 साल के बच्चे की मासूम शिकायत: कुरकुरे के लिए मांगे 20 रुपये, पुलिस पहुंची कुरकुरे लेकर

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक 10 वर्षीय बच्चे ने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सहायता के लिए बुलाया। बच्चे की शिकायत सुनकर पुलिस तुरंत हरकत में आई, लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो यह मामला गंभीर कम और मासूमियत से भरा ज्यादा निकला, जिसने पुलिसकर्मियों को भी हंसने पर मजबूर कर दिया।

सिंगरौली के खुटार चौकी क्षेत्र के चितरवईर कला गांव में रहने वाले 10 साल के दीपक ने 112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज की कि उसकी मां और बहन ने उसे रस्सी से बांधकर पीटा। जब पुलिस ने बच्चे से मारपीट का कारण पूछा, तो दीपक ने मासूमियत भरे अंदाज में बताया कि उसने अपनी मां से कुरकुरे खरीदने के लिए 20 रुपये मांगे थे। मां ने पैसे देने की बजाय उसे डांटा और मार दिया। इस मासूम शिकायत को सुनकर प्रधान आरक्षक उमेश विश्वकर्मा पहले तो चिंतित हुए, लेकिन पूरी बात जानने के बाद उनकी हंसी छूट गई।

पुलिस पहुंची कुरकुरे लेकर

शिकायत मिलते ही प्रधान आरक्षक उमेश विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ दीपक के घर पहुंच गए। पुलिस को देखकर परिवार वाले हैरान रह गए, लेकिन पुलिस ने अपने साथ कुरकुरे के पैकेट भी लाए थे, जो इस मामले को और खास बना गया।

पुलिस ने दीपक को कुरकुरे का पैकेट देकर उसकी छोटी-सी इच्छा पूरी की और उसके माता-पिता को प्यार से समझाया कि बच्चों की छोटी-छोटी इच्छाएं उनके लिए बहुत मायने रखती हैं। गुस्सा करने के बजाय उन्हें प्यार और समझदारी से समझाना ज्यादा बेहतर होता है।