आज देशभर में वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती हर्ष से मनाई जा रही है। उनकी शौर्यगाथा और बलिदान की चर्चा हर ओर हो रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि युवाओं को रानी दुर्गावती के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने गोंडवाना को नारी शक्ति, देशभक्ति और सेवा की प्रेरणा का प्रतीक बनाया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि अपनी अद्भुत वीरता, साहस और दृढ़ता से इतिहास रचने वाली रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए मुगलों के खिलाफ उनका संघर्ष हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर कहा कि अपने अदम्य साहस और नेतृत्व से मुगल शासकों को परास्त करने वाली रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें बारंबार नमन। उनका शौर्य और देशभक्ति हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाली वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका साहस और त्याग हमें धर्म और राष्ट्र की सेवा के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा कि बाज बहादुर और मुगल सेनाओं को पराजित करने वाली वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। उनकी वीरता और स्वाभिमान की रक्षा का संघर्ष जनजातीय गौरव का प्रतीक है। उनकी गाथाएं हमें हमेशा गर्वित करती रहेंगी।