देश के मौसम का हाल: पश्चिम बंगाल में पुल ढहा, गुजरात तट पर ‘शक्ति’ तूफान का खतरा

देश के दो अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने कहर बरपाया है। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भारी बारिश के बाद एक पुल ढहने से बड़ा हादसा हुआ है, वहीं गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ का खतरा मंडरा रहा है।

दार्जिलिंग के मिरिक में पुल ढहा, 6 लोगों की मौत

दार्जिलिंग जिले के मिरिक में तेज बारिश के कारण एक पुल ढह गया, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत होने की खबर है। इस हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। इसके साथ ही, आसपास के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की खबरें भी सामने आ रही हैं। लगातार बारिश से स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है, जिससे बचाव और राहत कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

 गुजरात और महाराष्ट्र पर चक्रवात ‘शक्ति’ का साया

मानसून के बाद अरब सागर में उठा पहला चक्रवात शक्ति’ अब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को बताया कि यह तूफान गुजरात के द्वारका से 420 किमी दूर समुद्र में सक्रिय है। इस दौरान समुद्र में 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

अगले 24 घंटों में यह तूफान पश्चिम-दक्षिण पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि यह सोमवार से पूर्वोत्तर की ओर जाकर कमजोर पड़ना शुरू कर देगा।

तटीय राज्यों पर तूफान का असर

चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ के कारण गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में समुद्र उफान पर है। महाराष्ट्र के कई तटीय जिलों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है, जिनमें मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग शामिल हैं। 7 अक्टूबर तक उत्तरी कोंकण के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे मछुआरों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।  मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।