बदमाशों ने दंपित समेत 3 लोगों को चाकू से गोदा

भोपाल: कोलार इलाके में कल रात दो बदमाशों ने एक दंपति समेत तीन लोगों परचाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआई सुनील कुमार त्रिपाठी के मुताबिक बासखेड़ी मल्टी में रहने वाले 27 वर्षीय रवीश कुमार टंडन इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। बीती रात वह अपनी पत्नी रीना और भाई के साथ पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में उन्हें पड़ोस में रहने वाला शिवराज पटेल और उसका साथी मिल गया।

उस समय बदमाश शराब के नशे में घुत थे, और रवीश कुमार के साथ गाली गलौच करने लगे। जब फरियादी ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं बीच बचाव करने आई पत्नी और भाई के साथ भी बदमाशों ने मारपीट कर चाकू मार दिए। जब चीख पुकार सुनकर भीड़ लगी तो बदमाश मौके से फरार हो गए। हमले में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस ने कल देर रात में आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले।