पटवारी के बाद अब सिंघार पहुंच रहे परासिया, नाथ ने की न्यायिक जांच की मांग

राजनीतिक संवाददाता, भोपाल: कफ सिरप में हुई बच्चों की मौत के मामले में कांग्रेस, प्रदेश सरकार को लगातार घेर रही है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के परासिया दौरे के दो दिन अब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे हैं। वे दोपहर बाद वहां पर पहुंचेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया के जरिए इस पूरे मामले पर न्यायिक जांच करने की मांग की है। उमंग सिंघार के तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर में दो बजे के लगभग परासिया पहुंचेंगे। यहां पर वे तीन घंटे तक रहेंगे। कफ सिरप से जिन बच्चों की मौत हुई है, उनके परिजनों से मिलेंगे और सांत्वना देंगे। 

इधर कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जहरीले कफ सिरप से मरने वाले मासूम बच्चों की संख्या 19 तक पहुंच चुकी है, लेकिन प्रदेश सरकार अब भी नींद में है। हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, परंतु सरकार की संवेदनहीनता और उदासीनता कम होने का नाम नहीं ले रही। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की घोर लापरवाही और निकृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का परिणाम है। जांच में यह बात सामने आई है कि इंदौर की एक दवा फैक्ट्री में फंगस वाले पानी से कफ सिरप तैयार किया जा रहा था। यह सही है कि बच्चों की मौत इस फैक्ट्री की दवा से नहीं हुई, लेकिन यह खुलासा बताता है कि सरकार की निगरानी व्यवस्था कितनी लापरवाह है। सोचिए, जिस पानी को कोई घर में छूना भी पसंद न करे, उससे बच्चों की दवा बनाई जा रही थी। फिर भी अधिकारियों और मंत्रियों को शर्म नहीं आई। कमलनाथ ने इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के साथ ही दोषी अधिकारियों और फैक्ट्री संचालकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और प्रदेश में सभी औषधि निर्माण इकाइयों की व्यापक जांच करने की मांग की है।