हर दिन पांच लाख रुपए की बिजली चोरी?
बिजली कंपनी बिजली चोरी रोकने के लिए जितने जतन कर रही है, लोग बिजली चोरी के उतने ही नए तरीके निकाल रहे हैं। पिछले एक साल में चोरों ने 18.55 करोड़ रुपए की बिजली चोरी की है। यानी भोपाल में हर दिन करीब 5 लाख रुपए की बिजली चोरी हो रही है। मध्य क्षेत्र बिजली कंपनी ने पिछले साल अप्रैल से लेकर इस साल मार्च तक 88 हजार 115 मामले दर्ज किए थे। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी ने विद्युत नियामक के सामने दायर की गई याचिका में बिजली चोरी के ये आंकड़े बताए हैं। इस दौरान कंपनी ने इन बिजली चोरों से 115.87 करोड़ रुपए वसूल भी कि ये थे।
छोला क्षेत्र में सबसे ज्यादा होती है बिजली चोर
भोपाल के जिन इलाकों में सबसे ज्यादा बिजली चोरी होती है उसमें छोला, करोंद, भानपुर, चांदबड़, सुल्तानिया,कोतवाली, नादरा बस स्टेंड, इंद्र विहार, इमामीगेट और बैरागढ़ प्रमुख हैं जहां 22 से लेकर 53.50 परसेंट बिजली की चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक 2023-24 में 74 हजार 579 मामलों में 197.76 करोड़ रुपए की बिलिंग की गई थी। यानी पिछले साल से 13 हजार से अधिक मामले सामने आए थे।
बिजली चोरी के लिये पुलिस स्टेशन भी
भोपाल में झुग्गी बस्तियों और पुराने इलाकों में खुलेआम बिजली चोरी हो रही है, जिसमें अधिकारियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होता है। स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में लगभग दो हजार मामले सामने आए हैं, और ऊर्जा विभाग के मुताबिक शहर के कई इलाकों में 22 से 52 परसेंट तक बिजली चोरी हो रही है। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने बिजली चोरी पर एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने के लिए समर्पित पुलिस स्टेशन स्थापित करने का भी निर्णय लिया है।