भोपाल: त्यौहारी सीजन में दीपावली और छठ पूजा पर घर जाने की चाहत रखने वाले यात्रियों को इस बार भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हांलाकि त्योहारों में अभी एक से डेढ़ माह का समय बाकी है, लेकिन भोपाल से उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ज्यादातर प्रमुख ट्रेनों में रिजर्वेशन की स्थिति लगभग फुल हो चुकी है। खासतौर पर 15 से 18 अक्टूबर के बीच की तारीखों में तो भोपाल से गोरखपुर और पटना जाने वाली ट्रेनों में लगातार रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, त्योहार के समय घर लौटने वाली भारी भीड़ के कारण टिकट की मांग दिनोंदिन बढ़ रही है। यही वजह है कि यात्री अभी से कन्फर्म टिकट पाने के लिए परेशान हैं।
15 से 18 अक्टूबर तक पूरी तरह भरी ये ट्रेने
भोपाल से गोरखपुर जाने वाली 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, 07075 हैदराबाद-गोरखपुर स्पेशल, 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस, 20103 एलटीटीआजमगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12522 राप्तीसागर एक्सप्रेस रिग्रेट हैं। वहीं भोपाल से पटना जाने वाली ट्रेनें 19483 अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस्, 19313 इंदौर-पटना एक्सप्रेस, 19435 अहमदाबाद-आसनसोल एक्सप्रेस, 01665 रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल पूरी तरह फुल हो चुकी हैं।