नई दिल्ली, एजेंस: ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर दो दिवसीय भारत यात्रा पर बुधवार को मुंबई पहुंच गए हैं। इस दो दिवसीय यात्रा में भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, निवेश, और प्रौद्योगिकी संबंधों समेत द्विपक्षीय साझेदारी के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी।
बताया जा रहा है कि शिखर बैठक में विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे भगोड़ों के संभावित प्रत्यर्पण पर भी चर्चा हो सकती है। ब्रिटिश पीएम की ये यात्रा पीएम मोदी के निमंत्रण पर हो रही है, जहां दोनों भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लेंगे जो जुलाई में भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के साथ निर्धारित विजन 2035 के तहत 10 साल के रोडमैप पर आधारित है। इस समझौते को भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) के रूप में जाना जाता है जो ब्रिटिश संसद द्वारा अनुमोदन के बाद 90 प्रतिशत से अधिक वस्तुओं से टैरिफ हट जाएगा।