एम्स भोपाल में जीआई ओन्को सर्जरी क्लिनिक  की शुरुआत

भोपाल: एम्स भोपाल ने पेट और आंतों से संबंधित कैंसर पीड़ितों के लिए एक विशेष गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) ऑन्कोसर्जरी क्लिनिक की शुरुआत की है। यह क्लिनिक प्रत्येक सोमवार को ओपीडी ब्लॉक के कक्ष क्रमांक 110 और 111 में संचालित होगी। यहां मरीजों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संस्थान का कहना है कि इस पहल से कई रोगियों को लाभ मिला है और अधिक से अधिक मरीजों को इस सेवा का उपयोग करने की अपील की जा रही है।

कैंसर मरीजों के लिए समग्र उपचार

इस नई सुविधा में भोजन नली, पेट, आंत (छोटी और बड़ी), मलाशय, यकृत, पित्ताशय और अग्न्याशय से जुड़े कैंसर रोगियों की जांच और उपचार किया जाएगा। क्लिनिक का संचालन सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रमुख एवं अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. विशाल गुप्ता और सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रवेश माथुर द्वारा किया जा रहा है। दोनों विशेषज्ञों का मानना है कि मरीजों को समय पर और व्यापक देखभाल उपलब्ध कराना अत्यंत जरूरी है, जिससे जटिल मामलों में भी बेहतर परिणाम सामने आ सकें।

नियमित फॉलोअप है जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर के सफल इलाज में समय पर अपॉइंटमेंट और लगातार फॉलोअप बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। यदि इलाज या परामर्श में देरी होती है तो परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। इसी कारण मरीजों को सलाह दी गई है कि वे उपचार की प्रक्रिया को अधूरा न छोड़ें और निर्धारित समय पर क्लिनिक अवश्य पहुंचें।