विमेंस वर्ल्ड कप: आज भारत vs साउथ अफ्रीका, दीप्ति शर्मा पर होंगी निगाहें

विशाखापट्टनम: विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का 10वां और अहम मुकाबला आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। विशाखापट्टनम के डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में यह मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा, जिसके लिए टॉस 2:30 बजे होगा।

पॉइंट्स टेबल पर भारत की स्थिति

भारतीय विमेंस टीम ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया है और वह फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। आज का मैच जीतकर टीम टॉप पोजीशन पर अपनी जगह बना सकती है। साउथ अफ्रीका को पहले मैच में इंग्लैंड से हार मिली थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उसने न्यूजीलैंड को हराकर वापसी की है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का दबदबा

वनडे फॉर्मेट में भारत का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के खिलाफ काफी मजबूत रहा है। भारत ने अब तक 33 वनडे मैच खेले है। उनमे से 20 जीते है, वही साउथ अफ्रीका ने 12 मैच जीते है। वर्ल्ड कप में दोनों 5 बार भिड़ी हैं, जहाँ भारत ने 3 और साउथ अफ्रीका ने 2 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच हुए पिछले 5 मैच भी भारत ने ही जीते हैं।

पिच रिपोर्ट और खिलाड़ी प्रदर्शन

यह मैच डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में खेला जाने वाला टूर्नामेंट का पहला मैच है। यहाँ पहले खेले गए 5 विमेंस वनडे में से 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को जीत मिली है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग चुन सकती है।

ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा 2 मैचों में 6 विकेट लेकर टूर्नामेंट की टॉप विकेट टेकर हैं, साथ ही उन्होंने 79 रन भी बनाए हैं। बैटर्स में हरलीन देओल ने सबसे ज्यादा 94 रन बनाए हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना आज बल्ले से बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाने वाली ताजमिन ब्रिट्ज और 83 रन बनाने वाली सुने लुस से टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उनकी गेंदबाज नोन्कुलुलेको मलाबा 4 विकेट लेकर टीम की टॉप विकेट टेकर हैं।