आदमपुर खंती: गुजरात महाराष्ट्र के साथ उज्जैन की कंपनी सफाई को तैयार

मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद जागे अफसर

भोपाल: जल्द ही राजधानी भोपाल से कचरे का दाग साफ हो सकता है। आदमपुर खंती से कचरा साफ करने के लिए सूरत और महाराष्ट्र की कंपनियां तैयार हैं। इसके लिए उनकी कुछ शर्तें हैं, जिन्हें नगर निगम को पालन करना करना होगा। जिसमें सूरत की स्वराज कंपनी, पहले भानपुर में काम कर चुकी है।

वहीं पुणे की बीबीजी भारत विकास कंपनी, महाराष्ट्र की अमृत, जयपुर की एमकेजी ग्रीन, पुणे की कृष्णा ग्रीन, इंफीनिटी, हर्ष इंजी कॉम और एससीसी प्रोजेक्ट इंदौर के अलावा एक उज्जैन की कंपनी भी इस प्री बिड में पहुंची। इनका कहना है लैंडफिल साइट के लीचेट प्रोसेसिंग के लिए टेंडर लगे हैं। फिलहाल प्री-बिड बैठक नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने बुलाई थी, जिसमें कंपनियों ने अपनी-अपनी बात रखी और नगर निगम ने टेंडर की शर्तें कंपनियों को बता दी हैं। आदमपुर कचरा खंती से कचरा साफ करने के लिए कंपनियों का सुझाव है कि पहले नगर निगम टेंडर में टर्न ओवर और मैन पॉवर की संख्या कम करे। इसके बाद ही कंपनियां टेंडर में भाग लेंगी। निगम प्रशासन कंपनियों के सुझाव को अमल में लाने के लिए मंथन कर रहा है। इस मौके पर निगम अधिकारियों ने प्री-बिड मीटिंग में कंपनियों को सभी जानकारी मुहैया करवाईं। वर्तमान में कितना कचरा आ रहा है, इसमें कितना गीला-सूखा कचरा है और लैंडफिल साइट की क्या स्थिति है, इस बारे में कंपनियों को जानकारी दी गई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैठक लेकर इसके निराकरण के लिए कहा था।