मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों वाला मौसम खत्म होते ही ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 14 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।
राजधानी भोपाल सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दमोह में पारा 13.4 डिग्री पर पहुंच गया। ग्वालियर में 12.8, शिवपुरी में 13, दतिया में 13.3, रायसेन और रतलाम में 13.5, श्योपुर में 13.6, धार में 14.1, खरगोन में 14.2, गुना-खंडवा में 14.4, उज्जैन में 14.5 तथा नौगांव में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पिछले कुछ दिनों तक पूर्वी इलाकों में चक्रवात के असर से बारिश होती रही थी, जिससे रात का तापमान अपेक्षाकृत ऊंचा बना हुआ था। अब मौसम साफ होने के साथ ठंड बढ़ रही है। कुछ जगहों पर सुबह हल्का कोहरा भी छाया।
आगे और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है। उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण इन इलाकों में पारा 10 डिग्री से नीचे भी जा सकता है।