भोपाल: प्रदेश में त्योहार के वक्त निजी बस ऑपरेटर यात्रियों से दो से चार गुना ज्यादा किराया वसूल करते हैं। ये किराया फर्स्ट क्लास रेल किराए के बराबर हो जाता है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा न के बराबर होती है। इसी को देखते हुए 16 अक्टूबर को प्रदेश के परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने परिवहन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली थी, लेकिन अब तक इस मामले में परिवहन विभाग के अफसरों ने इस पर कोई सख्ती नहीं दिखाई। ऐसे में त्योहारी सीजन में आम यात्रियों के साथ अब भी खुली लूट जारी है। प्रदेश टुडे संवाददाता ने इस संबंध में गत दिवस आईएसबीटी में जाकर बसों के किराए की हकीकत जानी, तो पाया कि अब भी बस ऑपरेटर अपनी मनमानी पर उतारू हैं और यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इस संबंध में भोपाल के जिम्मेदार अफसरों से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
भोपाल के आईएसबीटी बस स्टैंड पर रात को साढ़े तीन बजे इंदौर से आए यात्री अनिकेत द्विवेदी ने बताया कि बस ऑपरेटर मनमाना किराया और समय ले रहे हैं। पहले तो भोपाल से इंदौर से लगने वाला किराया एक हजार से अधिक लिया गया। टिकट में लिखा था कि रात 9 बजे बस रवाना होगी और रात 11.30 पर भोपाल पहुंच जाएगी। लेकिन लेटलटीफी के कारण यह बस रात साढे तीन आईएसबीटी बस स्टैंड पर ऐसे कई यात्री भटकते नजर आए। बस टिकट बुकिंग ऐप्स और वेबसाइटों पर भी यह लूट खुलेआम जारी है।