दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया SATS की बस में लगी भीषण आग

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल-3 पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। एयर इंडिया SATS एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि बस एयर इंडिया के एक विमान से कुछ ही मीटर की दूरी पर खड़ी थी और दुर्घटना के समय उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था।

बे नंबर 32 के पास हुई घटना

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना बे नंबर 32 के पास हुई, जहाँ बस पार्क की गई थी। देखते ही देखते बस आग की भीषण लपटों में घिर गई। हालांकि, हवाई अड्डे पर तैनात एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग (ARFF) टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया। टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी यात्री या विमान को कोई नुकसान नहीं पहुँचा
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) ने इस घटना को एक “छिटपुट घटना” बताया है। DIAL ने अपने बयान में कहा, “हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आग पर कुछ ही मिनटों में नियंत्रण पा लिया गया और सभी उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी हैं।” एयरपोर्ट पर सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

पुलिस के अनुसार, घटना के समय बस में केवल चालक ही मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक जाँच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, SATS प्रबंधन ने आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि आईजीआई का टर्मिनल 3, जिसका उद्घाटन 2010 में हुआ था, हर साल करीब 4 करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। हाल ही में हवाई अड्डे ने नवीनीकृत टर्मिनल 2 (T2) का संचालन भी शुरू किया है।