सुबह छाया कोहरा, 800 मीटर रही विजीबिलिटी अगले 4 दिन सर्द हवा के साथ बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोंथा और अरब सागर डिप्रेशन के कारण राजधानी में मौसम बदला हुआ है। आज सुबह से ही कोहरे की चादर में शहर लिपटा हुआ नजर आया। मौसम विभागका अनुमान है कि आने वाले अगले चार दिनों तक तेज बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलेंगी। आज सुबह से ही यहां पर कोहरे की घनी चादर बिछी थी और सुबह सात बजे तक विजीबिलिटी केवल 800 मीटर ही रही। मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बैतूल, नीमच, मुरैना, श्योपुरकलां, अनुपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

ठंडी हवाओं से गिरा तापमान

राजधानी की कल शाम से ही जिस तरह से तेज हवायें चली उससे यहां का तापमान भी गिर गया। शहर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया है। इस समय तटीय आंध्र प्रदेश पर अवस्थित चक्रवातीय तूफान ‘मोंथा’ पिछले छह घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इससे वहां पर अवदाब क्षेत्र डेवलप हो गया है।